Tuesday, 22 March 2011

आठ घंटे ड्यूटी देंगे एचआरटीसी कर्मी

नालागढ़ — हिमाचल प्रदेश परिवहन कर्मचारी समन्वय समिति के आह्वान पर एचआरटीसी नालागढ़ डिपो के कर्मचारियों ने भी मंगलवार को गेट मीटिंग का आयोजन किया, जिसमें सरकार व निगम प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एचआरटीसी नालागढ़ वर्कशाप में आयोजित हुई इस गेट मीटिंग को चालक—परिचालक संघ के प्रदेश प्रेस सचिव जसवंत पटियाल, इंटक से संबंधित एचआरटीसी कर्मियों की यूनियन के प्रधान भीम सिंह, भामस से संबंधित यूनियन के प्रधान कमल कुमार, उपप्रधान नंद लाल व तकनीकी कर्मचारी यूनियन के अमरीक सिंह आदि ने संबोधित किया। गेट मीटिंग में करीब 50 कर्मचारी उपस्थित थे। इस गेट मीटिंग में परिवहन निगम नालागढ़ के समस्त कर्मचारियों ने निर्णय लिया कि आठ घंटे की ड्यूटी के बाद वह कार्य नहीं करेंगे और छह दिन के काम के बाद सातवें दिन साप्ताहिक अवकाश पर जाएंगे। परिवहन निगम से संबंधित कर्मचारी यूनियनों के उपरोक्त सदस्यों ने कहा कि एचआरटीसी के अधीन काम करने वाले कर्मचारियों के 500 के करीब साप्ताहिक अवकाश लंबित पड़े हुए हैं और यदि इस हिसाब से अंदाजा लगाया जाए, तो कर्मचारी पिछले 12 सालों से निरंतर अपनी ड्यूटी बजा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पांच अप्रैल को हिमाचल प्रदेश परिवहन कर्मचारी समन्वय समिति के आह्वान पर विधानसभा का घेराव किया जाएगा और यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो उसके बाद धरना प्रदर्शन करने से भी गुरेज नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा भी कर्मचारियों की विभिन्न मांगें लंबित पड़ी हुई हंै, जिन पर सरकार व परिवहन निगम कोई गौर नहीं कर रहा है। इन्हीं मांगों को लेकर एचआरटीसी कर्मचारियों में भारी रोष है, जिसका कारण है कि परिवहन निगम के समस्त कर्मचारी विधानसभा का घेराव करने को बाध्य हो गए हैं। बहरहाल हिमाचल प्रदेश परिवहन कर्मचारी समन्वय समिति के आह्वान पर एचआरटीसी नालागढ़ डिपो के कर्मचारियों ने भी मंगलवार को गेट मीटिंग का आयोजन किया, जिसमें सरकार व निगम प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
March 23rd, 2011

No comments:

Post a Comment