नालागढ़ — औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में महाशिवरात्रि पर्व बड़े हर्षोल्लास से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने इस पर्व पर व्रत रखे और मंदिरों में सुबह से ही दर्शन करने व माथा टेकने के लिए भीड़ एकत्रित हुई, जिससे श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें नजर आईं। शिव नगरी के नाम से प्रसिद्ध नालागढ़ शहर शिवरात्रि पर्व पर भोले शंकर के जयकारों से गूंज उठा। शिव मंदिरों में माथा टेकने के लिए आए शिवभक्तों ने रुद्राभिषेक किया। जानकारी के अनुसार नालागढ़ स्थित भल्लेश्वर महादेव मंदिर, चोये वाला मंदिर, झांडियां का ऐतिहासिक शिवलिंग मंदिर, चुहूवाल स्थित शिव मंदिर, नालागढ़ शहर के भीतर वार्ड चार स्थित गबला कुआं, वार्ड नौ स्थित एकादश रुद्र महादेव मंदिर, तालाब वाला मंदिर, बाबा बर्फानी चौक, अस्पताल परिसर स्थित शिव मंदिर, दत्तोवाल शिव मंदिर आदि में श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें नजर आईं और भजन संकीर्तन आदि के यहां कार्यक्रम देर शाम तक चलते रहे। शिवरात्रि पर्व को लेकर लोगों में भारी उत्साह दिखाई दिया। फलों के बढ़ते दामों ने लोगों की कमर तोड़ दी, लेकिन बावजूद इसके लोगों ने फलों की भी खरीददारी की और शिवरात्रि पर्व के अवसर पर पूजा-अर्चना व फलाहार के लिए लोगों ने फलों की खरीददारी की। जानकारी के मुताबिक नालागढ़ बाजार में सेब 80 रुपए किलो, केला 50 रुपए दर्जन, अंगूर 80 से 100 रुपए किलो, बेर 40 रुपए किलो, किन्नू 50 रुपए किलो तक बिकते रहे। जानकारी के अनुसार महाशिवरात्रि पर्व फाल्गुन मास की चतुर्दशी को मनाया जाता है, जिसमें भगवान भोले शंकर की पूजा-अर्चना की जाती है। इस दिन लोग अपने घरों में भगवान शिव की मूर्तियों का पूजन करते हैं और मंदिरों में जाकर शीश नवाते हैं और रात भर तक जागरण व भजन संकीर्तन आदि के कार्यक्रम आयोजित होते हैं।
माना जाता है कि इस दिन जो भी सच्चे मन से मुरादें मांगी जाती हैं, भगवान भोले शंकर उन श्रद्धालुओं की मनवांछित मुरादों को पूरा करते हैं। शिवरात्रि पर्व पर नालागढ़ क्षेत्र के कई शिव मंदिरों में महाशिवपुराण की कथाओं का आयोजन हो रहा है, जो शिवरात्रि पर्व पर पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा। गुरुवार को विशाल भंडारों का आयोजन किया जाएगा।
माना जाता है कि इस दिन जो भी सच्चे मन से मुरादें मांगी जाती हैं, भगवान भोले शंकर उन श्रद्धालुओं की मनवांछित मुरादों को पूरा करते हैं। शिवरात्रि पर्व पर नालागढ़ क्षेत्र के कई शिव मंदिरों में महाशिवपुराण की कथाओं का आयोजन हो रहा है, जो शिवरात्रि पर्व पर पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा। गुरुवार को विशाल भंडारों का आयोजन किया जाएगा।
March 3rd, 2011
No comments:
Post a Comment